लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मदरहना ककटही में संदिग्ध हालात में झुलसे युवक के मामले में पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। युवक का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नसीर मोहम्मद ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उनके भतीजे असलम को गांव के ही मुर्तजा, अखरूजमा, अनवर और सोनू ने दावत के बहाने बुलाकर पहले उसे बुरी तरह पीटा, बाद में पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया था। घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर घायल असलम को बनकटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, पीड़ित की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। पीड़ित के चाचा की तहरीर पर चारों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।