जिले के चार निकायों को ओडीएफ प्लस में मिला स्थान
- भारतीय गुणवत्ता परिषद ने सात में से चार निकायों को दी हरी झंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। भारतीय गुणवत्ता परिषद ने जिले के सात में से चार निकायों को ओडीएफ प्लस (खुले में शौचमुक्त) में स्थान प्रदान किया है। स्थान प्राप्त करने वाली निकायों को इस उपलब्धि का लाभ मार्च माह में स्वच्छता पुरस्कार के लिए किए जाने वाले अंकों के निर्धारण के दौरान मिलेगा।
जिले के सात नगर निकायों में से तीन नगर पालिका व चार नगर पंचायत इस समय सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। नगर पालिका सिसवा को नगर पंचायत रहते हुए पिछले वर्ष ही ओडीएफ प्लस घोषित कर दिया गया था। अवशेष छह निकायों में से नगर पालिका महराजगंज व नौतनवा तथा नगर पंचायत घुघली, निचलौल व सोनौली ने ओडीएफ प्लस घोषित किए जाने के लिए आवेदन किया था, जिस पर भारतीय गुणवत्ता परिषद ने नगर पंचायत सोनौली को छोड़कर शेष सभी निकायों को ओडीएफ प्लस घोषित कर दिया है। ओडीएफ प्लस घोषित किए जाने से मार्च माह में स्वच्छता पुरस्कार के निर्धारण के दौरान भी मदद मिलेगी। निर्धारण में आमजन के फीडबैक के साथ-साथ, निर्धारित बिंदू पर प्राप्त अंकों तथा ओडीएफ प्लस होने की स्थिति में भारतीय गुणवत्ता परिषद की रिपोर्ट को भी ध्यान में रखा जाता है। निकायों के प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि जिले के चार निकायों का ओडीएफ प्लस होना उपलब्धि है। निकायों के जिम्मेदार नगर को साफ-सुथरा बनाने को लेकर मिशन मोड में कार्य करें।