जनपद में मिले सात और कोरोना पॉजिटिव
अब तक कुल 54 लोगों ने जीती कोरोना से जंग, एक्टिव केस की संख्या हुई 44
महराजगंज। जिले में शनिवार को आशा कार्यकर्ता सहित सात लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। 9 एवं 10 जून को जांच के लिए इन लोगों के नमूने मेडिकल कालेज भेजे गए थे। उसकी रिपोर्ट 13 जून की शाम को आई। जिले में अब कोरोना एक्टिव की संख्या 44 हो गई है। शनिवार को भी दो लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। अब तक स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है। जिले में अब तक कोरोना के कुल केस 99 हो गए हैं, जबकि एक व्यक्ति की पहले ही मौत हो चुकी है।
जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि जिले के दो कोरोना मरीज कोविड केयर हॉस्पिटल पुरैना से डिस्चार्ज हुए हैं। ये दोनों लोग धानी के निवासी हैं। 13 जून की शाम को मिली रिपोर्ट के अनुसार फुलमनहां की एक महिला, सिसवा बाजार के दो, रामनगर, अड्डा बाजार, खुशहालनगर, निचलौल वार्ड नंबर 13 से एक-एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। शनिवार को 116 नमूने जांच के लिए मेडिकल कालेज भेजे गए। उन्होंने बताया कि संक्रमित सभी लोगों को कोविड अस्पताल पुरैना में भर्ती किया गया है।
26 मजदूरों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
दूसरे प्रांतों में फंसे प्रवासी मजदूरों के घर पहुंचने का सिलसिला जारी है। सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कालेज में बने आश्रय केंद्र में शनिवार को 465 प्रवासी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। श्रय केंद्र पर पहुंचे एसडीएम राजेश जायसवाल व सीओ अशोक कुमार मिश्र ने थर्मल स्क्रीनिंग का जायजा लिया। बीईओ हेमवंत कुमार ने एवं ब्लॉक व राजस्व कर्मचारियों ने कामगारों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। अधीक्षक डॉ. हीरालाल ने कहा कि 26 मजदूरों का तापमान अधिक मिलने के कारण उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
संक्रमित के संपर्क में आया व्यक्ति क्वारंटीन
अमृतसर में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया एक व्यक्ति शनिवार को घर पहुंचा तो पुलिस ने जांच के लिए भेज दिया। पुरंदरपुर एसओ शाह मोहम्मद बताया कि अमृतसर से सेमरा महराज गांव में पहुंचे एक व्यक्ति को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के लिए भेजा है। वह व्यक्ति अमृतसर में जिस शख्स के साथ रहता था, वह कोरोना पॉजिटिव है। जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो वह बिना किसी को सूचना दिए शनिवार को दिन में अपने गांव सेमरा महराज पहुंच गया। अमृतसर पुलिस ने पुरंदरपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल जांच के लिए भेजा। रिपोर्ट आने तक उसे क्वारंटीन किया गया है।