महाविद्यालय का शुल्क जमा न करने और प्रबंधक के साथ मारपीट के आरोप में चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
प्रबंधक ने आरोपी पर बीएड के 60 छात्रों की फीस करीब 18 लाख रुपये जमा नहीं करने का लगाया आरोप
नौतनवा। थाना क्षेत्र के जगदीश प्रसाद पांडेय स्मारक पीजी कॉलेज नऊआडीह देवपुर अड्डा बाजार के प्रबंधक ने एक व्यक्ति पर महाविद्यालय के छात्रों की फीस (18 लाख रुपये) जमा नहीं करने आरोप लगाया है। आरोप है कि फीस मांगने पर आरोपी ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर मारपीट की। पुलिस चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव नऊवाडीह उर्फ देवपुर निवासी अनिल कुमार पांडेय ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह जगदीश प्रसाद पांडेय स्मारक पीजी काॅलेज, नऊवाडीह देवपुर अड्डा बाजार के प्रबंधक हैं। कॉलेज में विजय कुमार चौधरी निवासी ग्राम नऊवाडीह देवपुर थाना नौतनवा वर्ष 2005 से बीएड का शुल्क जमा करते थे। कुछ दिनों पहले काॅलेज की ओर से उन्हें सेवा मुक्त कर दिया गया। बकाया फीस के बारे में पूछने पर विजय कुमार चौधरी ने बताया कि उन्होंने काॅलेज में फीस नहीं जमा की है। बीएड द्वितीय वर्ष के छात्रों का फीस ड्राफ्ट के माध्यम से ही जमा किया जाता है। ऐसे छात्रों की संख्या लगभग 60 से अधिक है। प्रति छात्र 30,000 की दर से कुल फीस करीब 18 लाख रुपये है।
प्रबंधक का आरोप है कि छात्रों से 18 लाख रुपये लेने कि शिकायत मिली है। गत 27 अप्रैल को उन्हें सूचना मिली की विजय चौधरी को महाविद्यालय पर देखा गया। पूछने पर विजय चौधरी ने छात्रों के सामने स्वीकार किया कि छात्रों की फीस उनके पास जमा है लेकिन उन्होंने महाविद्यालय में जमा नहीं किया है। प्रबंधक की ओर से विजय चौधरी से छात्रों की फीस काॅलेज में अविलंब जमा करने के लिए कहा गया। इसी से आक्रोशित विजय चौधरी अपने भाई व्यास चौधरी पत्नी संजू चौधरी एवं बेटी प्रीति चौधरी और अन्य अज्ञात के साथ मिलकर समय करीब 2.30 बजे काॅलेज के स्टाफ व प्रबंधक के साथ मारपीट करने लगा। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए।
आरोप है कि 18 लाख रुपये जो फीस के नाम पर अपने खाते में लिए थे मांगने पर नहीं दिए। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि प्रबंधक अनिल कुमार पांडेय की तहरीर पर आरोपी विजय चौधरी, व्यास चौधरी, संजू चौधरी और प्रीति चौधरी पर मारपीट, धमकी व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।