नौतनवा हनुमानगढ़िया गांव में तेंदुआ दिखने की सूचना पर ग्रामीणों से बातचीत करते रेंजर रविन्द्र प्
नौतनवा। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की उत्तरी चौक रेंज के जंगल के किनारे बसे हनुमानगढ़िया गांव में तेंदुआ दिखने की सूचना पर सोमवार देर रात वन विभाग की टीम ने गश्त किया। वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने वनकर्मियों के साथ जंगल के आसपास निगरानी की और ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
बताया जा रहा है कि हनुमानगढ़िया गांव के पास स्थित एक बगीचे में ग्रामीणों ने तेंदुआ दिखने की बात कही। इसकी सूचना किसी ग्रामीण ने वन क्षेत्राधिकारी को दी। सूचना मिलने के बाद वन क्षेत्राधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रामनगर के पोखरहवा और चकदह गांव के पास जंगल की सीमा से लगे क्षेत्रों में गश्त की।
इसके बाद हनुमानगढ़िया गांव पहुंचकर ग्रामीणों से तेंदुआ दिखने की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी। साथ ही जंगली जानवर दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा।
वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने ग्रामीणों से अफवाह नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेंदुआ जंगल से निकलकर आबादी की ओर दिखाई दे, तभी इसकी सूचना वन विभाग को दें। ग्रामीण सतर्क रहें और बच्चों को रात में घर से बाहर न निकलने दें।