ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर वनकर्मियों की तैनाती की गई
चौक बाजार। नगर पंचायत चौक के धरमपुर से सोनाड़ी बाईपास मार्ग स्थित एक खेत में मंगलवार की सुबह किसी जंगली जानवर के पदचिह्न मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। खेत में बने बड़े-बड़े निशानों को देखकर ग्रामीण सहम गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा के मद्देनजर वनकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, धरमपुर निवासी बाल्मीकि प्रजापति मंगलवार सुबह अपने निर्माणाधीन मकान पर गए थे। इसी दौरान पास के खेत में उन्हें किसी जंगली जानवर के संदिग्ध पदचिह्न दिखाई दिए। उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि पदचिह्न किसी बड़े जंगली जानवर के प्रतीत हो रहे हैं। इस घटना के बाद लोगों में भय का माहौल है। खासकर बच्चों और खेतों में काम करने वाले किसानों में दहशत देखी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले की जांच कराने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द जांच नहीं हुई तो लोगों का खेतों की ओर जाना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल पदचिह्न मिलने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस संबंध में दक्षिणी चौक रेंज के वनक्षेत्राधिकारी ऋषभ नायक ने बताया कि प्रथम दृष्टया पदचिह्न किसी बिल्ली प्रजाति के जंगली जानवर के लग रहे हैं। मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने, अनावश्यक रूप से रात में बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है। सुरक्षा के मद्देनजर वनकर्मियों की तैनाती भी की गई है।