फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: छिपकर बैठे तेंदुए का बनाने लगे वीडियो, झपट्टा मारकर किया दोनों को घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत वनग्राम अचलगढ़ का मामला, एक पुलिया के साइफन ह्यूम पाइप में आराम कर रहा था तेंदुआ
विज्ञापन

लक्ष्मीपुर। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत वनग्राम अचलगढ़ में मंगलवार सुबह तेंदुए का वीडियो बनाना दो युवकों पर भारी पड़ गया। तेंदुए ने हमलाकर दोनों को घायल कर दिया। सूचना पर वन विभाग की टीम गांव में पहुंच गई। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी गई है।
जानकारी के अनुसार, अचलगढ़ निवासी अनिरुद्ध और लालपुर निवासी पप्पू मंगलवार सुबह जंगल क्षेत्र में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान गांव के पास बनी एक पुलिया के साइफन ह्यूम पाइप में उन्हें एक तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही दोनों ने मोबाइल निकाल लिया और उसका वीडियो बनाने लगे।
विज्ञापन


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक सामने से मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड करने जा रहा था, जबकि दूसरा युवक पीछे जाकर तेंदुए का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहा था। तभी एक युवक ने तेंदुए की ओर कंकड़ फेंक दिया, जिससे वह भड़क गया और युवकों पर झपट पड़ा। तेंदुए के हमले से दोनों युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। यह देख वहां मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाते हुए लोग वहां से भाग निकले। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ भी जंगल की ओर भाग गया।

हमले में घायल युवक को परिजन और ग्रामीण तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। इलाज के बाद युवकों को घर भेज दिया गया।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वनकर्मियों ने पूरे इलाके में निगरानी शुरू कर दी है। गांव के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने और जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि कुछ युवक तेंदुए के पास जाकर उसे छेड़ रहे थे, जिससे वह आक्रामक हो गया और हमला कर दिया। वन विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है कि किसी भी वन्यजीव को उकसाने या उसके करीब जाने की कोशिश न करें।
विज्ञापन

गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जंगल के किनारे तेंदुए की गतिविधियां बढ़ गई हैं। शाम होते ही लोग घरों में दुबक जा रहे हैं। बच्चों और महिलाओं को अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं भी तेंदुआ दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अधिकारियों ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए गांव के आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें