महराजगंज। घने कोहरे, बादलों की धुंध और पछुआ की रफ्तार ने शनिवार को तराई क्षेत्र में लोगों को ठंड का अहसास कराया। घने कोहरे का प्रभाव शनिवार दोपहर तक बना रहा। कोहरे और पछुआ हवा के कारण धूप का प्रभाव भी कम रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली पछुआ ने बर्फीले गलन का अहसास कराया।
जनवरी के आखिरी दिनों से बिगड़ा मौसम का मिजाज तराई क्षेत्र के लोगों को ठंड का अहसास करा रहा है। धूप निकलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। पिछले दो दिन से तो हालात ऐसे हैं कि ठिठुरन भरी सर्दी लौटती दिख रही है। शुक्रवार कोहरे की अधिकता दिन डूबने के बाद बढ़ने लगी। देर रात तक घने कोहरा वातावरण में छा गया। साथ ही तेज रफ्तार पछुआ हवा ने शीतलहर की स्थिति बनाने का काम किया।
कोहरा शनिवार दोपहर लगभग एक बजे तक बना रहा और हवा की रफ्तार के कारण शीतलहर की स्थिति बनी रही।