निचलौल। क्षेत्र की छोटी गंडक नदी की बाढ़ से प्रभावित किसानों ने शनिवार को तहसील पहुंच एसडीएम को ज्ञापन देकर बर्बाद फसल की सर्वे कराकर मुआवजे की मांग की है। छोटी गंडक में उफान के चलते क्षेत्र के मिश्रौलिया झुलनीपुर, गिरहियां, बैठवलिया के सिवान में लगी फसलें पानी से डूब कर बर्बाद हो गई है।
ज्ञापन देने के दौरान मौजूद राम प्रवेश, राकेश चौधरी, छबिलाल भारती अंबरीश तिवारी, संजय राय, उमाशंकर पाल, संदीप मद्धेशिया आदि ने बताया कि नेपाल से निकली छोटी गंडक नदी तहसील क्षेत्र के अमडी पुल से होकर मिश्रौलिया, गुलरभार, झुलनीपुर, गिरहिया, ढेशो होते हुए जंगल से होते हुए घुघली की ओर चली जाती है। नदी की साफ-सफाई नहीं होने चलते गूलरभार गांव के आगे बरसात के पानी से नदी उफना गई, फसलें जलमग्न हो गई। एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि पानी से बर्बाद फसल का सर्वे करने के लिए जिम्मेदार लेखपाल को निर्देशित किया गया है। रिपोर्ट के आधार पर नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।