खनुआ। सोनौली पुलिस ने चेकिंग के दौरान नेपाल सीमा के हरदीडाली एसएसबी कैंप के पीछे से मंगलवार को साइकिल पर लदी यूरिया बरामद किया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यूरिया और आरोपियों को अग्रिम कार्यवाई हेतु नौतनवा कस्टम को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार, खनुआ पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में हरदीडाली एसएसबी कैंप के पीछे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोग साइकिल पर यूरिया लेकर आते दिखाई दिए। रोककर तलाशी ली गई तो तीन साइकिल पर पांच बोरी यूरिया खाद के साथ तीन नेपाली व्यक्ति पकड़े गए।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना नाम भगत, अमरीश यादव और रामाशंकर निवासी कोटहीमाई गाऊ पालिका वार्ड नंबर तीन त्रिलोकपुर थाना मझगावा जिला रुपन्देही नेपाल बताया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह ने बताया कि बरामद यूरिया खाद, साइकिल व तीनों आरोपियों को पकडकर अग्रिम कार्यवाई हेतु नौतनवा कस्टम को सौंप दिया है।