महराजगंज। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के पांच ग्राम पंचायतों का चयन मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए किया गया है। यह चयन जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में गठित कमेटी की ओर से किया गया है। इसकी सूची शासन को भेज दी गई है।
जिला पंचायती राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल 882 ग्राम पंचायतें हैं। इसमें से 84 ग्राम पंचायतों के आवेदन पत्र पूर्ण पाए गए। इनका डाटा फ्रीज करने के बाद कमेटी ने नौ बिंदुओं के आधार पर मूल्यांकन किया। इन बिंदुओं में गरीबी मुक्त गांव, स्वस्थ गांव, बाल मैत्री गांव, पर्याप्त जलयुक्त गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाला गांव, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, सुशासन एवं महिला हितैषी गांव शामिल हैं।
इन सभी मानकों पर बेहतरीन कार्य करने वाली पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि चयनित ग्राम पंचायतों में निचलौल ब्लॉक के बजहा उर्फ अहिरौली, पनियरा ब्लॉक के नेवास पोखर, नौतनवा ब्लॉक के भगवानपुर, सिसवा ब्लॉक के परसिया और नौतनवा ब्लॉक के हरपुर शामिल हैं। इन गांवों में पंचायत स्तर पर विशेष विकास कार्य किए गए हैं। इससे वे अन्य ग्राम पंचायतों के लिए उदाहरण बन सकें।