संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में पांच प्रमुख स्थानों पर नया पुल बनने की राह आसान हो गई है। इनके निर्माण पर 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी वित्तीय मंजूरी मिल गई है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जाएगा।
पनियरा, नौतनवा, फरेंदा क्षेत्र में पुल बनेंगे। इससे करीब तीन लाख की आबादी को सीधे लाभ होगा। वर्तमान में लोगों को आने-जाने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग ने दो वर्ष पहले पांच प्रमुख स्थानों पर लघु पुल के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेजा गया था। शासन स्तर से इन पांच लघु पुल निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। विभाग की तरफ से परियोजना के क्रियान्वयन की कवायद शुरू कर दी गई हैं। अड़बड़हवा गांव के अष्टभुजा श्रीवास्तव ने बताया कि पुल बनने जाने से आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। रानीपुर गांव के धीरज त्रिपाठी ने बताया कि देवीपुर, अक्टहवा-पनियरा मार्ग पर अमहवा नाले पर पुल का निर्माण होने के बाद किसानों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। सतगुर गांव के बाबूलाल गुप्ता ने बताया कि देवीपुर अक्टहवा पनियरा मार्ग स्थित अमहवा नाले पर पुल की व्यवस्था न होने से परेशानी होती है।