पहले बसों का किया इंतजार, फिर बैठने के लिए की धक्का-मुक्की
महराजगंज। रोडवेज बस इन दिनों समय से नहीं मिल रही है। जिले के अंदर यात्रा करनी हो या फिर बाहर, रोडवेज बसों के इंतजार में यात्रियों को हलकान होना पड़ रहा है।
सोमवार को स्टेशन परिसर में घंटों के इंतजार के बाद यात्रियों को बस मिली, जिसकी वजह से उनका समय बर्बाद हुआ। बस आने पर बैठने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी। किसी तरह लोग बस में बैठकर रवाना हुए। महराजगंज डिपो की ओर से जिले में बेहतर आवागमन सुविधा का दावा किया जाता है, मगर हकीकत यह है कि मुख्य मार्ग को छोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में जाने के लिए समय से बसों की सुविधा नहीं है। ठंड बढ़ने की वजह से ग्रामीण क्षेत्र तो ग्रामीण क्षेत्र, मुख्य मार्गों पर यात्रा के लिए भी समय से बस नहीं मिल पा रही है। यात्री रोडवेज परिसर में यात्रा के लिए परेशान हैं।
मठिया के विजय ने बताया कि चौक व परसौनी जाने के लिए नियमित तौर पर बस सेवा के न होने से समस्या आ रही है। प्रदीप ने कहा कि नगर पंचायत पनियरा से जिला मुख्यालय तक आने-जाने की सीधी बस सेवा न होने से समस्या आ रही है। धन के साथ समय की भी बर्बादी होती है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेंद्र पांडेय ने बताया कि बसों को समय से भेजा जाता है। ठंड में कभी कभार बस देर हो जाती है। सभी निर्धारित रूट पर बसों का संचालन समय से हो रहा है।