30 अगस्त को मार्ग दुर्घटना में हुआ था घायल, 3 सितंबर को हुई थी मौत
भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के जीएम मार्ग स्थित शिकारपुर चौराहे के पास मार्ग दुर्घटना में घायल युवक की मौत के पांचवें दिन मृतक के भाई की तहरीर पर भिटौली पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी कर ली है।
जानकारी के अनुसार बरवा खुर्द, थाना घुघली निवासी छोटेलाल मद्देशिया ने थानाध्यक्ष भिटौली को दी गई तहरीर में बताया कि 30 अगस्त की शाम करीब 7 बजे उनका छोटा भाई गुड्डू मद्देशिया (45 वर्ष) भिसवा से शिकारपुर चौराहे पर आ रहा था। जैसे ही वह एक होटल के सामने पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में गुड्डू मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल महराजगंज भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान हालत में सुधार न होने से 3 सितंबर की रात लगभग 11:30 बजे उसकी मौत हो गई। छोटेलाल ने 5 सितंबर को भिटौली थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।