सवना गांव में मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई थी
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सवना गांव के पास शनिवार दोपहर मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत मामले में चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भिटौली थाना क्षेत्र के दरोली गांव निवासी पवन ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी सपना अपने भाई प्रमोद के साथ बाइक पर सवार होकर दरोली से सवना गांव जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे सवना गांव के पहले राजेश राम के घर के सामने सड़क मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दिया।
टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान सपना ट्रैक्टर-ट्राली के पहिये के नीचे आ गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहरीर में पवन ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर चालक राज निवासी बैकुंठपुर वार्ड नंबर-2, थाना कोतवाली, तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी चालक राज निवासी बैकुंठपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।