महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के पकड़ी चौराहे के पास हुए सड़क हादसे में युवक की मौत मामले में कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच जुट गई है।
मृतक के बड़े भाई अमरनाथ निवासी ग्राम सेमरा महराज, थाना पुरंदरपुर ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका छोटा भाई रामकुमार 11 अप्रैल को बाइक से किसी काम से महराजगंज जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे वह पकड़ी चौराहे के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान भी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन अस्पताल से बाहर निकलते ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई ने बताया कि घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में था, जिसके कारण तत्काल तहरीर नहीं दी जा सकी। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।