महिला से चैट के दौरान आरोपी ने बना लिया था अश्लील वीडियो, अब वायरल करने की दे रहा धमकी
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक गांव की महिला ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि उसके साथ सोशल मीडिया पर चैट कर एक व्यक्ति ने धोखे से उसका अश्लील वीडियो बना लिया। अब वही वीडियो उसके पति को भेजकर आरोपी रुपये की मांग कर रहा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि धीरज सिंह नाम की इंस्टाग्राम आईडी से 6 अप्रैल को आरोपी ने उसके साथ चैटिंग की। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो बना लिया। आरोप अब उसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर महिला के पति से रुपयों की मांग कर रहा है, हालांकि उसने रकम स्पष्ट नहीं की है। महिला के अनुसार, लगातार धमकियों और मानसिक उत्पीड़न के कारण उनके पति की मानसिक स्थिति खराब हो गई है। महिला ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके पति कोई गलत कदम उठा सकते हैं। महिला ने बताया कि परिवार में दो छोटे बच्चे हैं और इस घटना से पूरा परिवार भय और तनाव में जी रहा है।
महिला ने बताया कि उन्होंने पहले भी 8 अप्रैल को पुलिस को सूचना दी थी लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने साइबर अपराध थाना प्रभारी से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद