प्रधान प्रतिनिधि एवं पुत्र पर प्राथमिकी दर्ज
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में वीडियो बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अरविंद कनौजिया पुत्र जयराम कनौजिया निवासी ग्राम अहिरौली, थाना भिटौली ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 7 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह गांव के ही मंजेश कनौजिया के साथ घर का सामान लेने अहिरौली चौराहा जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही प्रधान प्रतिनिधि रुदल और उसके लड़के विवेक ने उन्हें रोक लिया।
तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने कहा तुम बहुत वीडियो बनाते हो तुमको मार-मार कर सही कर देंगे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए तब किसी तरह दोनों वहां से भागे। अरविंद ने पुलिस को बताया कि रुदल और उसका लड़का ग्राम प्रधान के काम-काज को लेकर पहले से भी उनसे रंजिश रखते हैं। डर के कारण वह तुरंत सूचना नहीं दे पाए थे।
एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।