सेखुआनी बघेला नाला पुल के पास ट्राॅली बैग में मिला था महिला का शव
सोनौली के ग्राम हरदीडाली की सुषमा के रूप में हुई शव की पहचान
मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर नेपाल निवासी युवक पर लगाया हत्या का आरोप
नौतनवा। परसामलिक थाना क्षेत्र के सेखुआनी स्थित बघेला नाला पुल के पास से चार दिन पूर्व एक ट्राॅली बैग से बरामद महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। यह शव सोनौली थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीडाली की सुषमा का था। नौतनवा पुलिस ने मृतका के पिता जगदीश की तहरीर पर नौतनवा में लिट्टी-चोखा बेचने वाले नेपाली युवक पर हत्या करने, साक्ष्य मिटाने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सुषमा के पिता जगदीश ने बताया कि उन्होंने अपनी लड़की की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व सिद्धार्थनगर जनपद के ग्राम नकथर थाना शोहरतगढ़ निवासी गोविंद के साथ की थी। दोनों से एक 7 वर्ष की पुत्री भी है। उन्होंने बताया कि बेटी-दामाद में आपसी सामंजस्य ठीक न रहने से करीब 3 वर्ष पूर्व दोनों अलग हो गए। इसके बाद वह अपनी बेटी और नातिन को अपने साथ घर लेकर आ गए। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष से बेटी और नातिन नौतनवा कस्बे में ही किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। इस बीच बेटी का संपर्क बनैलिया मंदिर के पास लिट्टी-चोखा बेचने वाले नेपाल के नवलपरासी जिला निवासी युवक हृदेश से हो गया। एक माह से हृदेश बेटी को परेशान कर रहा था।
आरोप है कि उक्त युवक ही 15 दिसंबर को उनकी बेटी को अपने साथ कहीं ले गया और उसके बाद से ही उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। नौतनवा थाने में उन्होंने गुमशुदगी भी दर्ज कराई। खोजबीन कर ही रहे थे कि 24 दिसंबर को सेखुआनी बघेला नाला पुल के पास एक ट्राॅली बैग में एक महिला का शव मिला। सूचना मिलने पर वह 26 दिसंबर को सदर अस्पताल महराजगंज के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शव उनकी बेटी सुषमा का ही निकला। इसके बाद पीड़ित पिता ने नेपाल के उक्त युवक पर हत्या एवं अन्य आरोप लगाते हुए नौतनवा थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सुषमा के पिता की तहरीर पर हृदेश निवासी पाली नंदन गांव वार्ड नंबर 5, गेरमी शिशवा थाना विशुनपुरवा जिला नवलपरासी नेपाल के खिलाफ हत्या करने, साक्ष्य मिटाने और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।