महराजगंज। थाना बृजमनगंज क्षेत्र के गांव कानापार उर्फ रामनगर में 27 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले रामकिशुन (65) ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने एकजुट होकर उनकी दीवार जानबूझकर गिरा दिया। दीवार गिराने में एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं और रामकिशुन के घर में घुसकर उनके बेटों कृष्णमोहन, कृष्णमुरारी, विश्वजीत और विष्णुदेव को लाठी-डंडों से पीटा। हमले में सभी को गंभीर चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि रामकिशुन की तहरीर पर हरिगोपाल, श्रीगोपाल, राजेंद्र, निखिल, रवि, नवीन, टिंकल, इंदू, सुशीला, माधुरी, राजेंद्र की पत्नी अक्षत और गुड्डू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।