परतावल। नगर पंचायत के कुर्मी टोला वार्ड में रास्ते में ईंट रखने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर श्यामदेउरवा पुलिस ने बुधवार को चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुर्मी टोला निवासिनी अनसूइया ने तहरीर में बताया कि रास्ते में ईंट रखने को लेकर हुए विवाद के दौरान गांव के ही हरेन्द्र राय, गोविंद राय, किशन राय तथा रोहित राय ने उसे, उसकी पुत्री और पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अभिजीत कुमार को सौंपी गई है। जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।