महराजगंज। राज्यकर विभाग ने जनपद में जीएसटी फाइल न करने पर 75 व्यावसायिक फर्माें पर अर्थदंड लगाया है। साथ ही 336 फर्मों को नोटिस दिया गया है। राज्यकर विभाग की माने तो सरकारी विभागों की ओर से भी जीएसटी रिटर्न फाइल नहीं किया जा रहा है। उन पर भी विभाग कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।
व्यापारकर विभाग व्यापारियों के जीएसटी में पंजीयन कराने के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है। इसके लिए हर माह शिविर का भी आयोजन किया जाता है। इसके लिए विभाग में हेल्प डेस्क भी बनाया गया है, जो जीएसटी फाइल करने में किसी भी तरह की दिक्कत का समाधान कराने में सहयोग करता है। समय- समय पर व्यापारियों के साथ बैठक कर जीएसटी पंजीयन और रिटर्न फाइल करने की जानकारी और इसकी उपयोगिता भी बताई जाती है।
इसके बाद भी व्यावसायियों और सरकारी विभागों में जागरूकता का अभाव दिख रहा है, जबकि जीएसटी रिटर्न फाइल न करने वाली फर्माें और विभागों पर 50 हजार रुपये तक अर्थदंड लगाया जा सकता है। उपायुक्त राज्यकर आरपी चौरसिया ने बताया कि जनपद में जीएसटी रिटर्न फाइल न करने के कारण 75 व्यावसायिक फर्माें पर अर्थदंड की कार्रवाई की गई है, जबकि 336 फर्मों पर नोटिस जारी किया गया है।
साथ ही जनपद में कई सरकारी विभागों की ओर से जीएसटी रिटर्न फाइल नहीं किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें भी अर्थदंड का नोटिस दिया जाएगा। जीएसटी रिटर्न फाइल न करने वालों पर 50 हजार रुपये तक जुर्माना लग सकता है।