महराजगंज। बुधवार से बदले मौसम के कारण अधिकतम तापमान गिरा है। इससे एक बार फिर बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। शनिवार को 12 वयस्क और 13 किशोर जिला अस्पताल की ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे।
सप्ताह के आखिरी दिन शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 760 मरीजों का उपचार किया गया। किशोरों को फीवर के साथ सूखी खांसी के कारण बेदम होना पड़ रहा है। मौसम की लौटी नमी वयस्कों में भी बुखार व शरीर दर्द दे रहा। ओपीडी में तैनात डाॅ. रंजन ने बताया कि तापमान के बढ़ने घटने के कारण सर्द-गर्म प्रभाव बुखार का दायरा बढ़ा रहा है। किशोर बुखार के साथ साथ खांसी की शिकायत से भी अधिक परेशान मिल रहे।
वयस्कों में खांसी तो नहीं लेकिन बुखार के साथ शरीर में तेज दर्द की शिकायत मिल रही है। बुखार के रोगियों की जांच में वायरल के लक्षण मिल रहे हैं। इस वायरल का प्रकोप जनवरी के दौरान देखा गया था जिसका प्रभाव कम हो गया था, लेकिन मौसम ने एक बार फिर इसे बढ़ाया है।
रोगियों को एसी, कूलर उपयोग न करने, फ्रिज के पानी का उपयोग न करने के साथ दवाओं की जानकारी दी जा रही है। सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से बच्चे जल्दी रोगों के गिरफ्त में आते हैं। परहेज के साथ दवा सेवन की जानकारी दी जा रही है।