ठूठीबारी। भारत से अवैध रूप से नेपाल ले जाए जा रहे पक्षियों के 33 किलोग्राम प्रोसेस्ड पंख नेपाल पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस ने पंखों के साथ भारतीय नंबर की बाइक और उसके चालक को हिरासत में लिया है। आगे की कार्रवाई के लिए भंसार कार्यालय भेज दिया गया।
नवलपरासी जिला पुलिस के सूचना अधिकारी मदन थापा के अनुसार, कुड़िया पुलिस चौकी के जवान सोमवार को गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सुस्ता गांवपालिका-2 से महलबारी होते हुए रतनगंज की ओर जा रही भारतीय नंबर की बाइक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बाइक पर लदे बोरे में पक्षियों के प्रोसेस्ड पंख मिले। चालक इनके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। बरामद पंखों का इस्तेमाल डाउन जैकेट बनाने में किया जाता है। इनका कुल वजन 33 किलोग्राम और अनुमानित कीमत चार लाख 59 हजार नेपाली रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बाइक और पंखों को कब्जे में लेकर चालक रोहित धोबी निवासी बनकट्टी, सुस्ता गांवपालिका-5, नवलपरासी को हिरासत में लिया है। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया गया।