परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल में शराब के लिए पैसे मांगने से नाराज पिता ने बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गुस्साए पिता के हमले से बेटे का हाथ कट गया और पेट में भी हथियार लगने से चोट लगी है। घायल युवक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के गोपाला निवासी सोनू मिश्रा अपने पिता जंग बहादुर के साथ परतावल में किराए के मकान में रहता है।
पिता जंग बहादुर नगर के ही एक मंदिर में पुजारी है। बताया जा रहा है कि सोनू मिश्रा शराब पीने के लिए अपने पिता से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर अस्पताल रोड स्थित किराए के मकान में देर रात तक दोनों के बीच विवाद होता रहा। विवाद बढ़ने पर गुस्साए पिता जंग बहादुर ने धारदार हथियार से बेटे पर हमला कर दिया, जिससे सोनू मिश्रा का हाथ कट गया और पेट में भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। मामले में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।