महराजगंज। नवीन मंडी समिति निचलौल में करोड़ों रुपये की लागत से कराए जा रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्य में अनियमितताओं का लोगों ने आरोप लगाया है। निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी से किसानों व व्यापारियों में आक्रोश है।
सूत्रों के मुताबिक ठेकेदार, संबंधित जेई का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है। निर्माण में पूरी तरह से अनियमितता का आरोप लगाया है। व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिसर में प्रतिदिन दर्जनों ट्रक अनाज, फल और सब्जियों की ढुलाई के लिए आते-जाते हैं। इसके अलावा परिसर में एफसीआई का खाद्यान्न गोदाम होने के कारण भारी वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। ऐसे में निर्माणाधीन सड़क अभी से जगह-जगह टूटने लगी है, इससे गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जेई त्रयंबक उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में शिकायत नहीं मिली है। जांच कराई जाएगी।