निचलौल। निचलौल बस स्टैंड के पास आवास के ढाई लाख रुपये का चेक दिखाकर एक किसान से एक लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाज ने किसान को खाता चालू कराने का झांसा देकर रकम ऐंठ ली। घटना के बाद किसान सदमे में आ गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई।
निचलौल थाना क्षेत्र के पतौना गांव निवासी दशरथ सिंह पुत्र मंगल सिंह के अनुसार, 14 अक्तूबर को उन्होंने निचलौल स्थित एसबीआई से एक लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद कटरा चौराहे के पास एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और आवास के ढाई लाख रुपये का चेक दिखाया। आरोप है कि उसने आधार कार्ड मांगते हुए खाते को चालू कराने के लिए रुपये जमा करने की बात कही। उसकी बातों में आकर किसान ने उसे एक लाख रुपये दे दिए और उसके लौटने का इंतजार करने लगा।
काफी देर तक व्यक्ति के वापस नहीं आने पर किसान को ठगी का एहसास हुआ। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक, उपचार के बाद भी उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है। घटना से किसान और उसका परिवार सदमे में है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित तहरीर मिली है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।