-कई स्थानों पर टूटी पाइप लाइन, 500 घरों के लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। आदर्श नगर पंचायत आनंदनगर में करीब दो साल से पेयजल आपूर्ति लड़खड़ा गई है। जगह-जगह पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। 500 घरों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रही हैं। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने पाइप लाइन दुरुस्त कराने की जहमत नहीं उठाई। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
आनंदनगर में सड़क बनाने के दौरान कई स्थानों पर पाइप लाइनें टूट गई थीं। कई बार लोगों ने उच्चाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत करा समाधान की मांग की। किसी ने कोई सुधि नहीं ली। ओवरहेड टैंक के निर्माण के बाद लोगों को शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद थी। पाइप लाइन टूटने के बाद उम्मीदें धराशायी हो गईं। नगर के लोगों के साथ शहर में पहुंचने वाले लोगों को भी शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा है। लोग मजबूरी में बोतल का पानी पी रहे हैं। ऐसे में लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से भी पेयजल मुहैया कराने की बात कही थी।
नगर पंचायत में शुद्ध पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। मजबूरी में लोग खरीद कर आरओ का पानी पी रहे हैं, जबकि सरकार लोगों को शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है।
-डाॅ. रामनरायन चौरसिया
नगर पंचायत में शुद्ध पेयजल की समस्या बड़ी है। कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। नगर में लगे वाटर एटीएम भी काफी दिनों से खराब है। इसको ठीक कराने के लिए कोई पहल नहीं की गई।
-विनीत मणि, फरेंदा
सड़क के चौड़ीकरण के दौरान पाइप लाइन टूट गई थी। उसके बाद से समस्या बनी है। डीपीआर भेजा गया है। धन मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
-राजेश जायसवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि, आनंदनगर