फरेन्दा (महराजगंज)। कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी को सोमवार की रात में उनके सिंहपुर स्थित आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। उन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस सांसदों के साथ मंगलवार को अयोध्या में श्रीराम मंदिर में दर्शन के लिए जाना था। इसके लिए कांग्रेस की तरफ से एक कार्यक्रम तय किया गया था, लेकिन अयोध्या पहुंचने के पहले सभी कांग्रेस नेताओं को उनके ठिकानों पर पुलिस ने रोक लिया।
हाउस अरेस्ट के बाद विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि जबसे अयोध्या में बीजेपी, आरएसएस और वीएचपी का वर्चस्व बढ़ा है, तभी से करोड़ों हिंदुओं की आस्था और विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल अयोध्या का राजनीतिकरण हो गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के इतिहास को देखें तो इसमें कांग्रेस के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में ही गृहमंत्री रहे सुबोधकांत सहाय के समय ही मंदिर का शिलान्यास हुआ था, जिसके साक्षी बिहार के दलित नेता कामेश्वर चौपाल और गोरक्षपीठ के महंत ब्रम्हलीन अवेद्यनाथ रहे हैं। मगर तब अयोध्या से राजनीतिक फायदा होता हुआ न देखकर भाजपा ने इसे मानने से इन्कार कर दिया और लालकृष्ण आडवाणी रथयात्रा लेकर निकल पड़े।