काम पर ले जाने वाले युवकों पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर थाने में दी तहरीर
भिटौली (महराजगंज)। भिटौली थाना क्षेत्र के दरौली गांव में शनिवार को किशोर की मौत मामले में परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। परिजन ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
दरौली गांव निवासी नाथु गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे उनके नाती अशोक गुप्ता (16) गांव के ही दो युवकों के साथ घर से गया था। आरोप है कि शाम करीब 4:30 बजे गांव के दो अन्य युवक उसे गंभीर हालत में एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे। संचालक ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया। एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि जब घटना के संबंध में जानकारी ली गई तो बताया गया कि किशोर पेंटिंग का कार्य कर रहा था तभी उसे बिजली का करंट लग गया। हालांकि परिजनों ने इस दावे पर संदेह जताते हुए कहा कि परिस्थितियां संदिग्ध हैं और उन्हें आशंका है कि किशोर की हत्या की गई है।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहन व निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।