महराजगंज। पितृ विसर्जन से फुरसत मिलते ही लोग नवरात्रि व्रत उपवास के लिए जरूरी सामान की खरीदारी में व्यस्त दिखे। नवरात्र नजदीक आने के साथ ही पूजा व व्रत से जुड़ी वस्तुओं के दाम बढ़ गए थे। बावजूद इसके लोगों ने रविवार को जमकर खरीदारी की। महंगाई पर श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ गई।
नौ दिनों तक घर और देवी मंदिरों में श्रद्धा-भक्ति का माहौल रहेगा। मुख्यालय से फरेंदा हाईवे पर कई पूजन सामग्री की दुकान माता की मूर्तियों व चुनरी से सजी हैं। विक्रेता शिवपूजन गुप्ता ने बताया कि कपूर 1,000 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है जबकि कुछ दिनों पहले ही यह 900 रुपये की दर से बिक रहा था। तिल का तेल 160 से 200 रुपये प्रति लीटर, देशी घी 520 एवं 550 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं। हवन सामग्री 100 ग्राम 20 और 200 ग्राम 35 रुपये, रोरी 5 और 10 रुपये प्रति पैक, काटन रुई 50 रुपये प्रति 100 ग्राम, रुई बत्ती 5 से लेकर 50 रुपये प्रति पैक और खुली बत्ती 500 से 600 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं। कलश छोटा व सादा 30 रुपये में है। रंगीन (पेंटेड) कलश 50 से 70 रुपये पीस है। चुनरी सबसे छोटे साइज में 10 रुपये की दर से बिक रही है। महंगाई के बावजूद बाजार में काफी चहल-पहल देखी गई।