महराजगंज। जनपद के ग्राम पंचायत में बने पंचायत भवन दुर्व्यवस्था के शिकार हैं। अधिकांश पंचायत भवन यदाकदा ही खुल रहे हैं। ग्राम पंचायत सरडीहां, सिसवां अमहवा और रुद्रापुर के पंचायत भवन में ताला लटकता मिला।
कहीं पंचायत सहायक नहीं पहुंच रहे हैं, तो कहीं संसाधन ही नहीं हैं। जबकि पंचायती राज विभाग की माने तो पिछले डेढ़ साल में पंचायत भवनों के जनसुविधा केंदों के जरिए 45474 लोगों को योजनाओं का लाभ मिला है।
बृहस्पतिवार को दोपहर में ग्राम पंचायत सरडीहा, सिसवां अमहवा और रूद्रापुर के पंचायत भवन की पड़ताल की तो तीनों पंचायत भवन बंद मिले। सरडीहा में ग्रामीणों ने बताया कि यह पंचायत भवन सप्ताह में एक दो दिन ही खुलता है। भवन पर पंचायत सहायक का नाम तो लिखा था लेकिन मोबाइल नंबर मिटा था।
प्रधान प्रतिनिधि बैजनाथ ने बताया कि पंचायत भवन पर पिछले तीन माह से पंचायत सहायक अनुपस्थित चल रहे हैं। इसके चलते यहां का काम बाधित है। ग्राम रूद्रापुर के ग्रामीणों की माने तो महीनों से पंचायत भवन नहीं खुल रहा है। ग्रामवासी बाबा दीपराज के मुताबिक पंचायत भवन यदाकदा ही खुलता है। यहां गांव के लोगों को कोई सुविधा नहीं मिलती है। मजबूर होकर मुख्यालय जाना पड़ता है।