महराजगंज। वातावरण में लौटी नमी के बाद भी शुष्क आंखों का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में ड्राई आई सिंड्रोम से प्रभावित 13 मरीज पहुंचे।
इन मरीजों को आंख में खुजली, जलन, चुभन के साथ ही आंख लाल होने व थकान जैसी समस्या से जूझना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने जांच के बाद परामर्श दिया।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 787 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें से 13 आंख की समस्या की वजह से पहुंचे थे। डाॅ. मनीष ने ऐसे रोगियों की जांच के बाद बताया कि ड्राई आई सिंड्रोम का संक्रमण देखने को मिल रहा है। इससे प्रभावित मरीजों की आंख में पर्याप्त आंसू नहीं बनते अथवा तेजी से वाष्पित हो जाते हैं।
सूखेपन के कारण आंख में जलन, चुभन, खुजली जैसी समस्या होती है। आंख लाल होने और आंखों में थकान इत्यादि के लक्षण दिखने लगते हैं।
उन्होंने सुझाव देते हुए बताया कि इससे बचाव का सबसे सरल उपाय है कि डिजिटल स्क्रीन जैसे मोबाइल, टीवी, लैपटॉप इत्यादि का उपयोग तत्काल बंद करें या आंख से स्क्रीन को पर्याप्त दूरी पर रखें।
दृष्टि जमाकर कार्य करने से बचें और आंख पुतलियों को आयताकार व वृत्ताकार में घुमाने का व्यायाम दिन में एक से दो बार जरूर करें।
समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक परामर्श के बाद ही आई ड्रॉप का उपयोग करें।