- ओपीडी में प्रतिदिन आ रहे 80 से 90 मरीज
संतकबीरनगर। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर आंखों पर पड़ रहा है। इससे आंखों में लालिमा, जलन, खुजली और पानी आने जैसी समस्याओं से मरीज परेशान हैं। जिला अस्पताल की नेत्र ओपीडी में प्रतिदिन 90 के करीब मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं, जिसमें 30 से 40 मरीज इन्हीं लक्षणों से ग्रसित हैं। ऐसे में नेत्र रोग विशेषज्ञों ने एहतियात बरतने की सलाह दी है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानंद सिंह ने बताया कि इन दिनों ओपीडी में कई मरीज आंखों में चुभन, सूजन और धुंधलेपन की शिकायत लेकर आ रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या अधिक देखी जा रही है। उन्होंने बताया कि मरीजों को समय पर उपचार लेने के साथ आंखों को वार-बार साफ पानी से धोने, गंदे हाथों से आंखें न छूने और बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप का उपयोग न करने की सलाह दी जा रही है।
उनका कहना है कि तेज धूप और धूल से बचाव के लिए बाहर निकलते समय चश्मे का उपयोग करना जरूरी है। अगर लालिमा और जलन लंबे समय तक बनी रहे तो लापरवाही न करें और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें, ताकि संक्रमण बढ़ने से रोका जा सके। बताया कि मौसम बदलाव के चलते यह समस्या आ रही है। इसके लिए एहतियात और सतर्कता काफी जरूरी है।
इस तरह की होती हैं दिक्कत
- आंखों में लालपन, खुजली और पानी आने की समस्या होती है।
- नमी में बैक्टीरिया और फंगल इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
- एलर्जी के मौसम में आंखों में सूखापन बढ़ सकता है।
यह करें उपाय
- बाहर धूप में निकलते समय चश्मा पहनें।
- आंखों की जलन और सूजन को कम करने के लिए साफ कपड़े से ठंडी सिकाई करें।
- बार-बार हाथ धोएं और हाथों से आंखों को न रगड़ें।
- अगर लक्षण दो सप्ताह से अधिक समय तक रहें, तो डॉक्टर से संपर्क करें।