महराजगंज। बढ़ते तापमान के बीच आई फ्लू बढ़ रहा है। घर के एक से दूसरे सदस्यों में यह संक्रमण तेजी से फैल रहा है। शुक्रवार को आई फ्लू के 14 मरीज जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे। इन्हें आंख में जलन के साथ दर्द व लाल होने की समस्या थी।
चिकित्सकों ने एहतियात बरतने की सलाह के साथ आई ड्राप प्रयोग करने की सलाह दी। जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार 730 रोगियों का उपचार हुआ। नेत्र रोगियों को देखने के बाद नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. मनीष ने कहा कि आंख के प्रति सभी को सचेत रहना चाहिए। कहा कि कंजक्टिवाइटिस यानी आई फ्लू बैक्टिरिया और वायरस की एलर्जी से होने वाली बीमारी है।
लापरवाही बरतने पर आंख में परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में धूप में निकलते समय आंख की सुरक्षा जरूरी है। आई फ्लू होने पर आंखें लाल हो जाती हैं और पानी आने के साथ खुजली होती है।
धूल के कारण संक्रमण तेजी से फैलता है। संक्रामक बीमारी होने के कारण यह तेजी से एक दूसरे में फैलता है। परिवार में किसी को इस तरह की समस्या हो तो उसे दूसरों से दूर रखना चाहिए। चिकित्सक परामर्श लेकर ही आई ड्राप प्रयोग करना चाहिए।
ठंडे पानी से मारें छींटे
जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि तापमान में उतार चढ़ाव के कारण व धूल उड़ने के चलते आई फ्लू बढ़ रहा है। सावधानी बरतकर इससे बचा जा सकता है। धूप में चश्मा लगाकर ही निकलें। आंख को हाथ से बार-बार न छुएं। आंख में कुछ पड़ जाए तो ठंडे पानी से छींटे मारना लाभदायक हो सकता है। रात में सोते समय गुलाब जल डालकर आंख स्वस्थ रखा जा सकता है।