एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव निरस्त होने से परेशानी, सिसवा रेलवे स्टेशन पर पसरा रहता है सन्नाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोठीभार। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल प्रखंड पर कोरोना की वजह से गत डेढ़ साल से पैसेंजर ट्रेनों के न चलने से यात्रियों की दिक्कत हो रही है। अब दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सिसवा स्टेशन पर अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया गया है। जिससे यात्रियों में निराशा है।
जननायक एक्सप्रेस से लोग मजदूरी करने के लिए अमृतसर, लुधियाना की यात्रा करते हैं। अब यह यात्री ट्रेन का ठहराव रद्द होने से सिसवा या गोरखपुर से बस के द्वारा ज्यादा किराया देकर यात्रा करने पर मजबूर हैं। बंजारी पट्टी गांव के महेश, जुगानी, पहलवान, रमेश, दुर्गेश यादव ने बताया कि हम लुधियाना जाने के लिए 10 किलोमीटर से आए हैं। आने पर पता चला कि जननायक एक्सप्रेस का ठहराव सिसवा में नहीं है। बस से ज्यादा किराया देकर जाना पडे़गा।
उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री प्रमोद जायसवाल व नगर अध्यक्ष भगवती स्वर्णकार ने कहा कि अगर रेल प्रशासन ने एक्सप्रेस ट्रेनों ठहराव पुन: सुनिश्चित नहीं किया तो व्यापारी आंदोलन करेंगे।
स्टेशन अधीक्षक संजय गोड़ ने बताया कि इस समय ट्रेनें कोविड-19 स्पेशल के रूप में चलाई जा रही हैं। संचालन पूर्व की भांति होने पर पुन: ठहराव होने की संभावना है।