महराजगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मौलागंज समय से नहीं खुलता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।
अमर उजाला में बृहस्पतिवार को समय से नहीं खुलता मौलागंज का पीएचसी खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने अधीक्षक डॉ. अधिदेव कश्यप से स्पष्टीकरण मांगा है और निर्देश दिया है कि वे दो दिन के भीतर साक्ष्यों सहित अपना जवाब सीएमओ कार्यालय में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि पीएचसी का तय समय पर खुलना आवश्यक है, लेकिन डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की घोर लापरवाही से मरीजों को इलाज में असुविधा हो रही है, जो शासन की मंशा के विपरीत है।
सीएमओ ने अधीक्षक को निर्देशित किया है कि वे सप्ताह में एक दिन अपने क्षेत्र के सभी पीएचसी का निरीक्षण करें। ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन समीक्षा की जाए। इसके साक्ष्य के तौर पर एक वीडियो बनाकर अधिकृत ग्रुप में साझा करने को कहा गया है।