12 केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी परीक्षा
महराजगंज। राजकीय इंटर कॉलेज में प्रवक्ता भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा-2025 के शांतिपूर्ण एवं जाम रहित संचालन के लिए प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इसके तहत नगर में भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
आज जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के नगर में आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नगर क्षेत्र में भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।
यातायात थाना प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 14 जून को सुबह 7:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कस्बे में भारी और कॉमर्शियल वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों के डायवर्जन एवं नो-एंट्री के लिए सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर तथा पकड़ी चौकी को प्रमुख प्वाइंट निर्धारित किया गया है। इन स्थानों से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन तथा रोडवेज की यात्री बसों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।