मारपीट में परिवार के पांच सदस्यों को किया घायल
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सोहवल गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार को हुए विवाद में एक ही परिवार के पांच लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर शनिवार को सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सोहवल निवासी दयाराम ने बताया कि बुधवार को दोपहर करीब 3:45 बजे वह परिवार के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रामसुरेश का दामाद सोनू निवासी सेमरा चंदौली तथा गांव निवासिनी निर्मला, संजना, चित्ररेखा, चित्रकला, मितकला और अनितकला एकजुट होकर वहां आए और गालियां देने लगे। इसका विरोध करने पर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर, लात-घूंसों से हमला कर दिया।
मारपीट में दयाराम, उनकी पत्नी गुंजा, पुत्रियां गरिमा और महिमा तथा सुनकेशा को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।