सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत कपिलवस्तु के वार्ड अटल नगर हथिहवा में बृहस्पतिवार रात को चौपाल आयोजित की गई। सांसद जगदंबिका पाल, डीएम शिवशरणप्पा जीएन, जिलाध्यक्ष भाजपा दीपक मौर्या और सीडीओ बलराम सिंह की उपस्थिति में लोगों की समस्याएं सुनकर उसका निदान किया गया।
इस मौके पर सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि रात्रि चौपाल प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित की गई है। यह पहली बार है कि आपकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन आपके द्वार पर आया है। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को मिले, इसकी जानकारी और लाभ देने के लिए प्रशासन आपके द्वार आया है। चौपाल का उद्देश्य सभी पात्रों को योजनाओं का लाभ देना है। कपिलवस्तु नगर पंचायत में 2360 आवास स्वीकृत हुए हैं।
जिलाध्यक्ष भाजपा दीपक मौर्या ने कहा कि आप सभी की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लाइन में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। जनपद में मेडिकल काॅलेज और पासपोर्ट ऑफिस बन गया है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि चौपाल के तहत विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ समीक्षा की गई। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों के क्षति पूर्ति का भुगतान और किसान सम्मान निधि की समस्याओं का निराकरण कराएं।