सोमवार या मंगलवार से मरीजों को मिल सकती है सीटी स्कैन जांच की सुविधा
महराजगंज। जिला अस्पताल में 10 अगस्त से खराब पड़ी सीटी स्कैन मशीन को बदलने की कवायद तेज हो गई है। नई मशीन के आते ही उसे जांच कक्ष तक पहुंचाने व इसे इंस्टाल करने के लिए विशेषज्ञों की टीम मंगलवार को सदर अस्पताल पहुंची। सोमवार या मंगलवार से मरीजों को जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मंगलवार को नई मशीन को अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष तक पहुंचाने और इंस्टालेशन की प्रक्रिया को लेकर इंजीनियरों की टीम ने जिला अस्पताल में संबंधित स्थल का जायजा लिया। टीम ने सीटी स्कैन कक्ष का निरीक्षण करने के साथ ही मशीन को वहां तक पहुंचाने के लिए मैपिंग की। मशीन आकार में बड़ी होने के कारण उसे अस्पताल के अंदर किस रास्ते से ले जाया जाएगा, इसको लेकर रूट भी निर्धारित किया गया है।
सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि नई मशीन को पुरानी इमरजेंसी के रास्ते सीटी स्कैन कक्ष तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद मशीन को निर्धारित स्थान पर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी। अस्पताल प्रशासन को उम्मीद है कि शनिवार देर शाम तक मशीन जिला अस्पताल पहुंच जाएगी। मशीन के पहुंचने के बाद इंजीनियरों की देखरेख में इंस्टालेशन और जरूरी तकनीकी जांच की जाएगी।
बकौल डॉ. द्विवेदी, शनिवार की देर शाम तक नई सीटी स्कैन मशीन के जिला अस्पताल पहुंचने की उम्मीद है। मशीन के इंस्टालेशन और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार या मंगलवार से मरीजों का सीटी स्कैन शुरू होने की संभावना है।