48 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 20.50 किमी लंबी सड़क
जनवरी में शासन स्तर से मंजूरी मिलने की उम्मीद, फरवरी से शुरू होंगे निर्माण कार्य
महराजगंज। पकड़ी–खुटहा–पनियरा–बेलटिकरा मार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण होगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर स्वीकृति के आवेदन कर दिया गया है। शासन स्तर से जनवरी में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलते ही फरवरी माह से सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस पर लगभग 48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पनियरा विधानसभा और सदर क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय व गोरखपुर आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर स्थित पकड़ी चौराहे से शुरू होकर खुटहा, पनियरा, बेलटिकरा होते हुए रोहुआ घाट के रास्ते गोरखपुर सीमा तक जाता है। सड़क की कुल लंबाई करीब 20.50 किलोमीटर है। वर्तमान में यह सड़क बहुत संकरी है और कई जगहों पर बेहद खराब हो चुकी है। खासकर खुटहा, खैंचा, इलाहाबाद और बैजूडेहरा गांव के पास सड़क की स्थिति अधिक खराब है। इसके अलावा सिंहपुर और खुटहा चौराहे के पास सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोग जिला मुख्यालय और गोरखपुर आते-जाते हैं।
सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को परेशानी होती है। खुटहा बाजार निवासी कुलदीप वर्मा ने बताया कि खुटहा से पनियरा तक सड़क की स्थिति बहुत ही खराब है। जगह-जगह गड्ढे हो गए होने से दोपहिया और चार पहिया वाहन चलाना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि अगर सड़क चौड़ी हो जाती है तो लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बैदा गांव के रणजीत कुमार शर्मा ने कहा कि यह सड़क जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला मुख्य मार्ग है लेकिन इसकी हालत करीब तीन वर्षो से खराब है। खुटहा और हसंखोरी के पास सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है।
इन गांव के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
सड़क चौड़ीकरण के बाद लखराव, हसंखोरी, महुअवा शुक्ल, औसानी, मिठौरा, खैंचा, खजुरिया, खुटहा, मुड़िला, सोहास, कमासिन खुर्द, नेवासपोखर, बभनौली, इलाहाबाद, बैजूडेहरा, पनियरा, डिंगुरी, रजौड़ा कला, रजौड़ा खुर्द, रजौड़ा पंजुम, बरवा फहीम, सिंहपुर, महदेवा, सिसवा नवीन, पकड़ी, रम्हौली, गोपी, कांध, रामनगर, महलगंज और सिसवा अमहवा शामिल हैं। इन सभी गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
वर्जन
विभाग की ओर से 48 करोड़ रुपये की स्वीकृति के लिए टेंडर लगा है। उम्मीद है कि शासन स्तर से जनवरी में मंजूरी मिल जाएगी। मंजूरी मिलते ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-एडीशन सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
-
अनंतपुर रिंग बंधे से अक्टहवा पुल तक बनेगी 18 किमी पिच सड़क
महराजगंज। पनियरा क्षेत्र के अनंतपुर रिंग बंधे से लेकर अक्टहवा तक 18 किमी लंबी सड़क जल्द ही पिच बनेगी। इस सड़क के निर्माण पर करीब 32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क के पिच हो जाने से राहगीरों का आवागमन सुगम होगा।
जानकारी के अनुसार, पनियरा क्षेत्र में जर्दी-डोमरा बांध से बड़हरा-लाला होते हुए लक्ष्मीपुर, रानीपुर और आगे अक्टहवा पुल तक ईंट खड़ंजा वाली सड़क बीच में कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। रानीपुर गांव के धीरज त्रिपाठी ने बताया कि कई स्थानों पर ईंटें उखड़ने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों का सफर जोखिम भरा हो गया है। सिंचाई विभाग द्वितीय के सहायक अभियंता रजत गुप्ता ने बताया कि जनवरी में स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। संवाद