उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पंकज चौधरी को सौंपा सीएम को संबोधित ज्ञापन
महराजगंज। धनेवा में सोमवार को उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में पहुंचे रोजगार सेवकों ने बताया कि पिछले आठ माह से उनका मानदेय लंबित पड़ा है। उन्हें मात्र 7,788 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है, जो अगस्त 2025 से अब तक नहीं दिया गया है। इसके बावजूद उनसे मनरेगा के अलावा एसआईआर, फार्मर रजिस्ट्री, एग्री स्टैक, विभिन्न सरकारी योजनाओं का कार्य कराया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद ने सांसद पंकज चौधरी को अवगत कराया कि रोजगार सेवक लंबे समय से आर्थिक संकट झेल रहे हैं। पंकज चौधरी ने आश्वासन दिया कि 5 अप्रैल को सौंपा गया ज्ञापन शासन को भेज दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने कई मांगें रखीं। इनमें लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान, मानदेय बढ़ाकर 35 हजार रुपये प्रतिमाह करने, समयबद्ध भुगतान के लिए अलग बजट प्रावधान करने, 4 अक्टूबर 2021 की घोषणाओं को लागू करने, राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, वरिष्ठता के आधार पर नियमित करने और डिजिटल कार्यों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
इस अवसर पर इंद्रमणि विश्वकर्मा, घनश्याम कन्नौजिया, इंद्रविजय यादव, संतोष गुप्ता, सर्वेश कुमार मद्धेशिया, धर्मेंद्र पासवान, अनिल कुमार, अंजनी कुमार, दयानंद पटेल सहित कई ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।