25 अप्रैल तक कलमबंद हड़ताल का फैसला, सौंपा ज्ञापन
आठ माह से मानदेय नहीं मिलने से नाराज हैं रोजगार सेवक
महराजगंज। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर आठ माह से बकाया मानदेय समेत अन्य मांगों को लेकर रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार किया। साथ ही अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर 25 अप्रैल तक कलमबंद हड़ताल पर चले गए।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार, ग्राम रोजगार सेवकों ने लंबित मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए एडीओ पंचायत देवेंद्र पटेल व एडीओ समाज कल्याण श्यामसुंदर तिवारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले करीब 18 वर्षों से सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे मनरेगा, आवास, बीएलओ सहित अन्य योजनाओं के संचालन में अहम भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
रोजगार सेवकों का आरोप है कि पिछले आठ माह से उनका मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इसके अलावा मानदेय बढ़ाने, ईपीएफ कटौती लागू करने और नियमितीकरण जैसी मांगें भी लंबे समय से लंबित हैं। कई बार मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे सभी एकजुट होकर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि हड़ताल की स्थिति में मनरेगा सहित अन्य सरकारी कार्य प्रभावित होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने के दौरान इंद्रमणि विश्वकर्मा, अश्वनी मल्ल, गीता देवी, बेबी कुमारी, पवन, रोशन जहां, बिजेंद्र यादव समेत सभी रोजगार सेवक मौजूद रहे।
उधर पनियरा ब्लॉक के रोजगार सेवक व मनरेगाकर्मी अपनी समस्याओं एवं मांगों से संदर्भित ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारी राहुल सागर को सौंपकर शुक्रवार से 25 अप्रैल तक कलम बंद हड़ताल पर चले गए। रोजगार सेवकों ने ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जायसवाल के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर सूरज कुमार, अभिषेक कुमार, रामचंद्रन, रामशरन सिंह, नीलम मद्धेशिया, प्रतिभा, ज्ञान्ती गौड़, इंद्रावती देवी, सीमा देवी मौजूद रहे।
धानी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार,
विकास खंड धानी के ग्राम रोजगार सेवकों ने सरकार की वादा खिलाफी से नाराज होकर अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार करने का ज्ञापन खंड विकास अधिकारी धानी माधुरी देवी को दिया। इन कर्मचारियों ने ज्ञापन में अपनी मांगों के समर्थन में 25 अप्रैल तक कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष मक्खन लाल, विंध्याचल मद्धेशिया, शिवनारायण, दिनेश गुप्त, प्रमोद भारती मौजूद रहे।
कलमबंद हड़ताल पर मनरेगा कर्मचारी
फरेंदा। उत्तर प्रदेश रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर विकास खंड के सभी रोजगार सेवक एवं मनरेगा कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इससे ब्लॉक के विकास कार्यों पर काफी असर पड़ रहा है। सभी कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी को पत्र देकर मांगों को पूरा करने की मांग की है। ब्लाॅक अध्यक्ष संतोष कुमार दूबे, दिलीप अग्रहरि, ज्ञानदास, माया, शिवबालक, नागेंद्र सहित तमाम कर्मचारी बीडीओ को दिए गए ज्ञापन में कहा कि मनरेगा कर्मी के पक्ष में लखनऊ में की गई घोषणा को अमल में नहीं लाया जा रहा है। इससे सभी कर्मी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। जब तक मांगे पूरी नहीं होती तब तक ब्लाॅक के अधिकारी कार्यों के लिए दबाव न बनाने की मांग की है। इस दौरान चंद्रजीत यादव, आकाश चौरसिया, अजय तिवारी, धर्मनाथ, प्रदीप गुप्ता, नुरूल हसन, विनय पांडेय मौजूद रहे। संवाद