69 हजार पहुंचा बैकलाग, डिमांड 11 हजार सिलिंडरों की आपूर्ति हो रही आठ से नौ हजार
महराजगंज। अमेरिका, इस्त्राइल और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति के कारण प्रभावित हुई गैस सिलिंडर की आपूर्ति अभी सामान्य नहीं हो सकी है। गैस सिलिंडर न मिलने के कारण ग्राहकों को काफी परेशानी हो रही है। सहालग शुरू होने के बाद यह परेशानी और बढ़ गई है। मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं होने से दिन-प्रतिदिन बैकलाग बढ़ता जा रहा है। इस समय 69 हजार बैकलाग पहुंच गया है।
16 अप्रैल से सहालग का सीजन शुरू हो गया है। शादी-ब्याह वाले घरों में सिलिंडरों की मांग है। लोगों की मांग को देखते हुए प्रशासन लोगों को कॉमर्शियल गैस सिलिंडर देने की व्यवस्था बनाया है। गैस पाने के लिए लोग जिला पूर्ति कार्यालय पहुंच रहे हैं। रोजाना 150 से 200 आवेदन जिला पूर्ति कार्यालय में आ रहे हैं। लोगों की मांग के अनुसार विभाग आपूर्ति करा रहा है। लोगों की माने तो उनकी मांग के अनुसार आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते लोगों की चिंता बढ़ गई है। सिसवा प्रतिनिधि के अनुसार, कटहरी बाजार निवासी इफ़्तेख़ार अहमद की बहन की शादी 15 अप्रैल को थी। उन्होंने प्रधान से प्रमाणित प्रार्थना पत्र सहित शादी का कार्ड एजेंसी में जमा कराया। रसोई गैस की मांग की पर कई दिन कार्यालय का चक्कर लगाने के बाद दो कॉमर्शियल सिलिंडर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा जमा कर ले जाने की बात कही गई, जबकि उनको करीब आठ सिलिंडर की जरूरत थी। मांग के अनुरूप सिलिंडर न मिलने पर उन्होंने लकड़ी पर शादी का भोजन और मिठाई बनवाया।
वहीं ग्राम बड़हरी निवासी परवेज अहमद का कहना है कि उनकी बेटी की शादी शुक्रवार को थी। शादी में भोजन, मिठाई इत्यादि बनाने के लिए रसोई गैस का प्रबंध करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सारी प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत खाद्य विभाग निचलौल के अधिकारी के अनुमति के बाद मात्र दो सिलिंडर उपलब्ध कराया गया। सिलिंडर कम मिलने पर कुछ भोजन लकड़ी पर बनवाना पड़ा।
11 हजार की डिमांड वितरित हो रहा 8 से 9 हजार
जिले में इंडियन आयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम की कुल 47 गैस एजेंसियां संचालित हैं। गैस सिलिंडर की किल्लत का आप अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि मांग 11 हजार की है। जबकि आपूर्ति मात्र 8 से 9 हजार ही हो पा रही है। इसके चलते यह दिक्कत और बढ़ती जा रही है। गैस के लिए लोग मारे-मारे फिर रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी शादी-ब्याह वाले घरों में हो रही है।
घर में शादी, गैस के लिए लगा रहे चक्कर
सिलिंडर के लिए लोग रात से ही एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। वहीं शादी-विवाह का दिन शुरू हो गया है। ऐसे में गैस उपलब्ध न होने से लोगों की सांस अटकी हुई है। जहां लोगों को गैस की किल्लत सता रही है तो वहीं जलौनी लकड़ी के दाम आसमान छू रहे हैं। लोग जुगाड़ से वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराने में लगे हुए हैं। वहीं महंगाई का मार झेल रहे गरीब तबके के लोगों के चूल्हे से गैस सिलिंडर दूर होता दिखाई दे रहा है। उदय राजगीरी निवासी डगरुपुर, गिरीश नाथ निवासी गडौरा, मुन्ना गिरी निवासी इटहियां, गिरिजेश यादव निवासी धुमठवां, नाथू प्रसाद गुप्ता निवासी ठूठीबारी, राजेंद्र प्रसाद निवासी डगरुपुर आदि लोगों ने बताया कि हम लोगों के घर शादी-विवाह का दिन है। इस व्यस्ततम दिन में हम लोगों को शादी विवाह का कामकाज देखना चाहिए। बजाय तहसील का चक्कर लगाना पड़ रहा है। जलौनी लकड़ी सात सौ रुपये क्विंटल मिल रही है जिससे समस्या बढ़ गया है।
वर्जन
घर में शादी है। गैस के लिए दो दिनों से निचलौल तहसील का चक्कर लगा रहा हूं। मांग के हिसाब से दो गैस सिलिंडर कम मिला है। इससे खाना कैसे बनेगा यह चिंता सता रही है।
-अनिल मद्धेशिया, ठूठीबारी
...............
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर 2300 रुपये में मिल रहा है। इसके चलते काफी परेशानी हो रही है। जिनके घर शादी विवाह है उनको अगर घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध हो जाता तो गरीब परिवार के लिए शादी विवाह में खाना बनाना आसान हो जाता।
-ओमप्रकाश निवासी धरमौली
पूर्ति निरीक्षकाें की लगाई गई ड्यूटी, नंबर जारी
ब्लॉक अधिकारी का नाम मोबाइल नंबर
सदर-पनियरा अरविंद कुमार 8115968844
सिसवा-मिठौरा बालेश्वर मणि त्रिपाठी 9411571789
घुघली परतावल बृजेश कुमार पांडेय 7753098218
नौतनवा-लक्ष्मीपुर हर्षवर्धन श्रीवास्तव 7007735410
निचलौल इंद्रभान 7985004121
बृजमनगंज विजय कुमार साहनी 9454018760
फरेंदा-धानी ईशान प्रताप सिंह 9369572306
वर्जन
जरूरत के हिसाब से लोगों को गैस उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। जिनके घर शादी है प्रयास है कि उनको उनकी मांग के अनुसार गैस की आपूर्ति की जा सके।
-एपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी