महराजगंज। इंटर की न्यूनतम शिक्षा के अलावा आईटीआई में इलेक्ट्रिक प्रशिक्षण जिले के युवाओं के काम आ रहा है। सीमित शिक्षा दायरे में भी उन्हें जनपद में ही रोजगार का अवसर सेवायोजन विभाग की मदद से मिल रहा है। ऐसे 100 बेरोजगार युवाओं का चयन पहले हुआ।
अब सोमवार को फिर 160 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेले का इंतजाम किया गया है। मौजूदा परिवेश में इंटरमीडिएट तक की शिक्षा को औसत शिक्षा श्रेणी में माना जाता है, लेकिन इंटर पास युवाओं को भी सेवायोजन विभाग की तरफ से रोजगार के मौके उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जनपद में स्मार्ट मीटर लगाने से लेकर मीटर रीडिंग तक की जिम्मेदारी निभाने वाली कंपनी फ्लुएंट ग्रिड ऐसे युवाओं को मीटर इंस्टाल करने से लेकर मीटर रीडिंग व सर्वे कार्य के लिए 10 से 15 हजार रुपये मानदेय, टीएडीए व अन्य इंसेन्टिव पर रोजगार दे रही है। यह कंपनी मई के रोजगार मेले में विभाग की मदद से 100 युवाओं को रोजगार से जोड़ चुकी है।
एक बार फिर 23 जून सोमवार को सेवायोजन विभाग में रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है। इसमें कुल 160 पदों पर इंटरमीडिएट उत्तीर्ण या इलेक्ट्रिक से आईटीआई प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेले में ही कंपनी की तरफ से चयनित अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी करा दी जाएगी।