महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर के सभागार में बृहस्पतिवार को आशा, संगिनी और एएनएम की बैठक हुई। इसमें उन्हें शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और शहरी क्षेत्र में शुरू आभा कार्ड व आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत सर्वेक्षण का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया। संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बीसीपीएम लवली वर्मा ने कहा कि आमजन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाली आशा मजबूत कड़ी है। ऐसे में आशा अपनी जिम्मेदारी समझें और उसका शत-प्रतिशत निर्वहन करें। नवजात शिशु गृह भ्रमण कार्यक्रम में भी इमानदारी से कार्य करें। कहा कि जो भी आशा निष्क्रिय हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश हुआ है। ऐसे में सभी आशा कार्य पर विशेष ध्यान दें और अपनी रिपोर्टिंग करें। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. केपी सिंह ने कहा कि संस्थागत प्रसव (सरकारी अस्पताल में प्रसव) को बढ़ाया जाए। ऐसे में आशा गांवों में गर्भवती महिलाओं को सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं। उन्हें क्या लाभ मिल सकता है इस पर भी जागरूक करें। संवाद