नौतनवा क्षेत्र के गांव सिरसिया खास का मामला
बकाया जमा करने से मना करने पर कनेक्शन काटने के दौरान किया हमला
अड्डा बाजार। नौतनवा थानांतर्गत गांव सिरसिया खास में एक बिजली उपभोक्ता ने शुक्रवार को दोपहर में बिजली कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इसमें विद्युतकर्मी निहाल सिंह के पंजे की हड्डी टूट गई। मामले में उपभोक्ता के खिलाफ कर्मचारियों ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
जानकारी के अनुसार, विद्युत उपकेंद्र अड्डा बाजार क्षेत्र के गांव सिरसिया खास के एक बिजली उपभोक्ता की मिल पर जांच टीम गई थी। बकाया बिल जमा करने के लिए उसे पहले ही कहा जा चुका था। विद्युतकर्मियों ने उपभोक्ता से बकाया जमा करने के लिए शुक्रवार को भी कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर विद्युतकर्मी कुद्दूस लाल को बिजली का कनेक्शन काटने के लिए आगे बढ़ते देख आक्रोशित उपभोक्ता ने कर्मचारियों से हाथापाई कर ली।
साथ ही इसका वीडियो बना रहे कर्मचारी निहाल सिंह के हाथ पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके पंजे की हड्डी टूट गई। कर्मचारी राजेश सिंह, निहाल सिंह, कुद्दूस लाल और सत्यम सिंह ने सामूहिक हस्ताक्षरित एक तहरीर खोरिया चौकी पुलिस को दी है।
अवर अभियंता शशिकांत वर्मा ने बताया कि एक बकायेदार बिजली उपभोक्ता ने कर्मचारियों पर हमला किया है। पुलिस को तहरीर देकर दोषी उपभोक्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। खोरिया चौकी के उपनिरीक्षक अभिनव पटेल ने कहा कि तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को शनिवार को थाने पर बुलाया गया है।