वर्ष 1995 से 2015 तक के आरक्षण की देखी जाएगी स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संबंधी शासनादेश जारी होने के बाद बृहस्पतिवार को दिनभर ब्लॉक से लेकर जिला पंचायत राज विभाग कार्यालय तक लोग आरक्षण का पता लगाने में जुटे रहे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले भर में जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत के सीटों पर आरक्षण तय किया जाना है। बृहस्पतिवार को आरक्षण के संबंध में दिशानिर्देश जारी हुआ। इसके मुताबिक वर्ष 1995, 2000, 2005, 2010 और 2015 के कार्यकाल में जो आरक्षण था इस बार उससे इतर आरक्षण होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्णबहादुर वर्मा ने बताया कि शासनादेश में पिछले पांच कार्यकाल को दृष्टिगत रखते हुए आरक्षण तय किए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। उसका अनुपालन कराया जाएगा।
16 व 17 फरवरी को डीपीआरओ व एएमए को प्रशिक्षण
आरक्षण के संबंध में 16 व 17 फरवरी को जिला पंचायत राज अधिकारी व अपर मुख्य अधिकारी का प्रशिक्षण निदेशालय स्तर पर होगा। प्रशिक्षण से लौटने के बाद दोनों अधिकारी 18 व 19 फरवरी को विकास खंड स्तरीय अधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे।