परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छातिराम गांव में रविवार को सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, छातिराम निवासी 70 वर्षीय मत्ती देवी रविवार को दिन में सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया। जहां उनकी हालत को गंभीर बताते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि घायल महिला का इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।